Menu
कोटेश्वर महादेव मंदिर रुद्रप्रयाग

कोटेश्वर महादेव की अनकही गाथा: जहाँ शिव ने करोड़ों राक्षसों को दी थी मुक्ति

कोटेश्वर महादेव की अनकही गाथा

देवभूमि उत्तराखंड की यात्रा में जब आप केदारनाथ या बद्रीनाथ की पावन राह पर होते हैं, तो रास्ते में कई ऐसे दिव्य स्थान पड़ते हैं जो अपनी शांति और रहस्यमयी इतिहास से आपको रुकने पर मजबूर कर देते हैं। मेरी इस यात्रा की शुरुआत श्रीनगर के पास माँ धारी देवी के दर्शनों से हुई। धारी देवी के मंदिर को पार कर जब मैं रुद्रप्रयाग पहुँचा, तो वहाँ से मात्र 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर जाने का मन बना लिया। ( धारीदेवी का इतिहास ) यह मंदिर नहीं, बल्कि अलकनंदा नदी के तट पर दो पहाड़ियों के बीच बसी एक प्राकृतिक और बेहद खूबसूरत गुफा है।
गुफा के पास पहुँचते ही सीढ़ियाँ चढ़कर मैं मंदिर परिसर पहुँचा, जहाँ मेरी मुलाकात वहाँ के महंत शिवानंद गिरी जी से हुई। महंत जी पिछले कई दशकों से इस पावन धाम की देख-रेख और सेवा कर रहे हैं। बातों-बातों में जब मैंने उनसे इस मंदिर के इतिहास के बारे में पूछा, तो उन्होंने बड़े ही प्रेम से उन रहस्यों की परतें खोलीं जो शायद आम पर्यटकों को नहीं पता होतीं।

भस्मासुर नहीं, ब्रह्म राक्षसों के उद्धार की है यह भूमि

अक्सर स्थानीय लोग और पर्यटक यहाँ की प्रसिद्ध लोककथा सुनते हैं कि भस्मासुर से बचने के लिए भगवान शिव यहाँ छिप गए थे और अपने त्रिशूल से इस गुफा का निर्माण किया था। लेकिन महंत जी ने स्पष्ट किया कि स्कंद पुराण जैसे हमारे प्राचीन शास्त्रों में इस कथा का कोई उल्लेख नहीं मिलता।

उन्होंने मुझे वह सच्ची कथा सुनाई जो पुराणों में वर्णित है।

प्राचीन समय में जब ब्रह्म राक्षसों का कुल विनाश की कगार पर था, तब उन्होंने अपनी मुक्ति के लिए भगवान शिव की अत्यंत कठोर तपस्या की। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर महादेव प्रकट हुए और उनसे वरदान माँगने को कहा। राक्षसों ने दो विशेष वरदान माँगे: पहला कि उन्हें इस कष्टकारी राक्षस योनि से मुक्ति मिले, और दूसरा कि भविष्य में जब वे मुक्त हो जाएँ, तो उनका नाम समाज में सम्मान के साथ लिया जाए ।

कैसे पड़ा ‘कोटेश्वर’ नाम?

महादेव ने उनकी प्रार्थना स्वीकार की और इसी स्थान पर एक दिव्य गुफा बनाई। उन्होंने राक्षसों से वादा किया कि वे स्वयं इस गुफा में शिवलिंग स्वरूप में निवास करेंगे और वे सभी राक्षस भी उनके साथ इसी गुफा में लिंग रूप में विलीन हो जाएँगे। चूँकि उन राक्षसों की संख्या करोड़ों में थी, इसलिए उस पूरे पर्वत और गुफा में करोड़ों शिवलिंग स्थापित हो गए। संस्कृत में करोड़ों को ‘कोटि’ कहा जाता है, और इसी कारण इस स्थान का नाम ‘कोटेश्वर’ पड़ा । महादेव ने यह भी आशीर्वाद दिया कि जो भी इस गुफा में आकर श्रद्धा से प्रार्थना करेगा, उसकी मनोकामना इन मुक्त आत्माओं के नाम से पूरी होगी । आज भी माना जाता है कि यहाँ के कण-कण में शिव का वास है।

Kedarnath & Badrinath Tour By Car (Do Dham Taxi) — 3-4 लोगों के लिए 5-6 दिन की पूरी यात्रा गाइड

पांडवों की खोज और ‘काखड़ पाली’ का रहस्य

महंत जी ने एक और रोचक बात बताई जो महाभारत काल से जुड़ी है। जब पांडव अपने पितृ हत्या और कुल हत्या के पाप का प्रायश्चित करने के लिए हिमालय में शिव को ढूँढ रहे थे, तब महादेव उनसे नाराज थे। पांडव जब यहाँ पहुँचे, तो महादेव इसी गुफा में आकर छिप गए। उन्होंने यहाँ हिरन (जिसे पहाड़ी भाषा में ‘काखड़’ कहते हैं) का रूप धारण किया था, ताकि पांडव उन्हें पहचान न सकें। इसी कारण इस स्थान को स्थानीय लोग ‘काखड़ पाली’ के नाम से भी जानते हैं। इस गुफा के बाद ही महादेव केदारनाथ की ओर प्रस्थान कर गए थे

आध्यात्मिक महत्व और प्राकृतिक सौंदर्य

आध्यात्मिक दृष्टि से यह स्थान इसलिए भी बहुत बड़ा तीर्थ बन गया है क्योंकि यहाँ बहने वाली अलकनंदा नदी ‘उत्तरवाहिनी’ है (यानी उत्तर की ओर बहने वाली), जिसे हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र माना जाता है
शांत वातावरण, पहाड़ों की ओट और कल-कल बहती नदी के बीच यह स्थान किसी को भी ध्यानमग्न कर सकता है। महंत जी का कहना है कि केदारनाथ जाने वाले हर श्रद्धालु को यहाँ आकर आशीर्वाद जरूर लेना चाहिए क्योंकि यहाँ मांगी गई हर मुराद पूरी होती है।

आप यहाँ कैसे पहुँच सकते हैं?

यदि आप भी कोटेश्वर महादेव के दर्शन करना चाहते हैं, तो आप सड़क, रेल या हवाई मार्ग से आसानी से यहाँ पहुँच सकते हैं:
सड़क मार्ग: यह रुद्रप्रयाग जिले में NH 7 पर स्थित है। आप ऋषिकेश या देहरादून से सीधे बस या टैक्सी लेकर यहाँ पहुँच सकते है ।
रेल मार्ग: सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन ऋषिकेश है, जहाँ से मंदिर की दूरी सड़क मार्ग से लगभग 138 किलोमीटर है ।
हवाई मार्ग: यदि आप विमान से आना चाहते हैं, तो देहरादून का जॉलीग्रांट एयरपोर्ट सबसे पास है, जहाँ से मंदिर की दूरी करीब 251 किलोमीटर है ।
महंत शिवानंद गिरी जी से विदा लेकर जब मैं उस गुफा से बाहर निकला, तो मन में एक असीम शांति थी। कोटेश्वर महादेव की यह यात्रा महज एक तीर्थाटन नहीं, बल्कि उन प्राचीन कथाओं से जुड़ने का जरिया भी बनी जो सदियों से इस गुफा की दीवारों में कैद हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *